जांजगीर। युक्तियुक्तकरण के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की शिक्षा नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। प्रदेश संगठन मंत्री अभिषेक मिश्रा ने कहा कि सरकार ने 10 हजार स्कूल बंद कर दिए। 63 हजार शिक्षकों की भर्ती नहीं की। कई स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। बच्चों को बिना गणित और विज्ञान शिक्षक के पढ़ाई करनी पड़ रही है।
लोकसभा सचिव राजेश पुरी गोस्वामी ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर स्कूलों को मिलाया गया। इससे छात्रों को 3 से 5 किमी दूर स्कूल जाना पड़ रहा है। खासकर बालिकाओं की पढ़ाई पर असर पड़ा है। कई स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक नहीं हैं। बिना स्थानीय स्थिति समझे स्कूलों का विलय किया गया। इससे सामाजिक और आर्थिक दिक्कतें बढ़ीं। जिला अध्यक्ष हेमंत कश्यप ने कहा कि आदिवासी इलाकों में ड्रॉपआउट बढ़ा है। बच्चों को पढ़ाई छोडक़र प्रदर्शन करना पड़ रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश महिला अध्यक्ष मिथिलेश बघेल, जिला सचिव विनय गुप्ता, ललित बघेल, हेमंत पटेल, रामकृष्ण कश्यप, रामराज कुर्रे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।