NTPC सीपत में हादसा: प्लेटफार्म टूटने से दो मजदूरों की मौत, FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के Bilaspur जिले में स्थित NTPC Sipat परियोजना में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद बड़ी कार्रवाई की है। निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म टूटने से दो मजदूरों की मौत के मामले में जांच पूरी होने के बाद ठेकेदार कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार Sipat थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी निवासी श्याम कुमार साहू (26) और प्रताप सिंह कंवर (22) ठेका कंपनी गोरखपुर कंस्ट्रक्शन में श्रमिक के रूप में काम करते थे। 6 अगस्त 2025 की सुबह दोनों अपने साथियों संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा के साथ एनटीपीसी सीपत परियोजना में काम करने पहुंचे थे। सभी मजदूर स्टेज-02 यूनिट-05 के पहले फ्लोर पर निर्माण कार्य कर रहे थे।
बताया गया कि काम के दौरान अचानक प्लेटफार्म का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लेटफार्म गिरने से श्याम कुमार साहू और प्रताप सिंह कंवर उसके नीचे दब गए। वहीं ऊंचाई से गिरने के कारण संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। श्याम कुमार साहू को इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर और प्रताप सिंह कंवर को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों और मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ही ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण प्लेटफार्म टूट गया, जिससे मजदूर नीचे गिर गए और गंभीर चोट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जांच में ठेकेदार कंपनी की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने गोरखपुर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपाइटर आनंद प्रकाश गिरि और साइट इंचार्ज रवि पांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

RO No. 13467/11