
शिवरीनारायण। इन दिनों पूरे शबाब पर चले रहे शिवरीनारायण माघी मेले में आकाश झूले का कुर्सी अचानक टूटकर गिर गया। इस दौरान नीचे खड़ी दो युवती उसकी चपेट में आकर घायल हो गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
माघी पूर्णिमा से लगने वाला शिवरीनारायण का प्रसिद्ध मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। यहां प्रतिदिन हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ पहुंच रही है। मेला में कई तरह के झूले और मनोरंजन के साधन आए हैं। मंगलवार 10 फरवरी को भी मेले में काफी भीड़ थी। शाम करीब 4 बजे नगर पंचायत के सामने संचालित आकाश झूला में एक हादसा हो गया। चलते झूले की एक कुर्सी टूटकर गिर गई। मेला देखने पहुंची ग्राम मल्दा के दो युवती झूले के नीचे खड़ी थी। आकाश झूला की कुर्सी गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। दोनों युवती को आनन फानन – में एम्बुलेंस से शिवरीनारायण के शबरी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायल युवती चंद्रकांता कश्यप 15 वर्ष एवं भुमिका कश्यप 21 वर्ष ग्राम मल्दा की निवासी है। भुमिका कश्यप की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रिफर किया गया है। इस हादसे ने मेला की सुरक्षा व्यवस्था और झूलों की फिटनेस टेस्ट पर सवाल खड़ा कर दिया है। उल्लेखनीय है कि मेले में मौत कुआ, झूला के साथ कई तरह के साधन आए है। जिसका आनंद देखने लोगों की भीड़ हजारों की संख्या में पहुंच रही है। खास करके मेले में आए झूले और मौत का कुंआ लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र होता है। ऐसे में मंगलवार को हवाई झूला की कुर्सी टूटकर गिरने और दो युवतियों के घायल होने की घटना ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर निशान लगा दिया है।



















