
कोरबा। अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर पुलिस को उपर से निर्देशि दिए गए हैं और इसके हिसाब से काम करने को कहा गया है। पसान थाना की कोरबी पुलिस ने इस दिशा में जतन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए अंग्रेजी ब्रांड की शराब जब्त की है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
कोरबी पुलिस ने मंगलवार को की गई इस कार्यवाही में 35 वर्षीय सुमित यादव पिता बनास लाल यादव निवासी बाबूपारा को गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने बताया कि उसके कब्जे से 50 पाव गोवा स्पेशल व्हीस्की और 8 लीटर महुआ शराब मिली। वह अपने स्त्रोतों से शराब को प्राप्त करने के साथ इसे आसपास में खपाने की फिराक में था। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने एक्शन लिया और सुमित की योजना को फेल कर दिया। पूछताछ में मालूम चला कि वह कुछ समय से इस काम को कर रहा था। इस प्रक्रिया में सुमित के नेटवर्क की खोजबीन की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह चेन कहां तक फैली हुई है और इसमें कौन लोग शामिल हैं।
आखिर क्या कर रहा आबकारी
शराब और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर निगाह रखने का जिम्मा आबकारी का है और बहुत सारे मामलों में यह जिम्मेदारी पुलिस निभा रही है। ऐसे में सवाल उठते हैं कि आबकारी का अमला आखिर ग्रामीण क्षेत्रों में कर क्या रहा है।

















