
लोग गाजियाबाद, 04 फरवरी ।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है। साहिबाबाद में टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ अपनी-अपनी जिंदगी खत्म कर ली। इस सामूहिक आत्महत्या की वजह गेम की लत बताई जा रही है। आखिर वो कौन सा गेम है। जिसकी लत तीनों बहनों को लगी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों नाबालिग बहनों को कोरियाई गेम खेलने की लत लगी थी, परिजन तीनों को गेम खेलने से मना करते थे। शुरुआती जांच में यही सामने आ रहा है कि गेम खेलने से मना करने पर तीनों बहनें अपने परिजनों से नाराज थी और इसी के चलते खौफनाक कदम उठा लिया। तीनों बहनों ने बीती रात एक साथ नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की जांच में तीनों नाबालिग बहनों के कोरियन लवर गेमिंग एप खेलने की बात सामने आई है। ये टास्क बेस्ड गेम एप हैं। पुलिस ने तीनों के मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं, मोबाइल की जांच के बाद ही सही बात सामने आएगी। पुलिस ने उनके घर से हाथ से लिखे कुछ पेपर भी मिले हैं। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, बुधवार सुबह जब इस घटना के बारे में सोसायटी के लोगों को पता चला तो हर कोई दहल उठा। इस दौरान बिल्डिंग के नीचे तीनों सगी बहनों के शव देखकर परिजन व आसपास के लोग सहम गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीडि़त पिता चेतन ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं।
चेतन के अनुसार, उनका परिवार पिछले तीन सालों से गाजियाबाद की भारत सिटी में रहता है। इससे पहले उनका परिवार दिल्ली में रहता था। बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य सोए हुए थे, इसी दौरान तीनों बहनों ने मकान की खिडक़ी से कूदकर आत्महत्या कर ली। एक साथ आत्महत्या करने वाली तीनों सगी बहनों की उम्र में सिर्फ दो-दो साल का गैप है। जानकारी के अनुसार, तीनों बहनों ने कोरोना काल के बाद तीनों बहनों ने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। उसके बाद से ही तीनों बहनों को गेम खेलने की लत लग गई थी।





















