
कोरिया बैकुंठपुर। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने प्रशासन निरंतर सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के तहसीलदारो एवं उनकी राजस्व टीम ने अलग-अलग गांवों में अवैध धान भंडारण और फर्जी बिक्री के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की। विभिन्न स्थानों से लगभग 200 क्विंटल अवैध या अनियमित धान जप्त किया गया।
तहसीलदार व टीम ने ग्राम बदरा में कृषक राधेश्याम के यहां दबिश दी। जांच में उसके पास बिना अनुमति रखा गया 21 बोरी अवैध धान मिला, जिसे मौके पर ही राजस्व अभिरक्षा में ले लिया गया। इसी तरह ग्राम टेंमरी में की गई कार्रवाई में 32 बोरी अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया। राजस्व अमले ने संपूर्ण धान को विधि अनुसार जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की। शिकायत पर कार्रवाई- तुलेश्वर के पास 28 क्विंटल (68 बोरी) अवैध धान जब्त, शिकायतकर्ता सुशील कुमार आत्मज सुखलाल द्वारा की गई शिकायत पर भी प्रशासन ने जांच की। शिकायत में आरोप था कि तुलेश्वर आत्मज भैयालाल अवैध रूप से धान खरीदकर अपने ही टोकन से केंद्र पोंडी में बेचने का प्रयास कर रहा है। जांच में पाया गया कि तुलेश्वर के खसरा क्रमांक 385 (आंशिक) एवं 389 (पूर्ण) में धान मौजूदब था। पंजीयन के अनुसार उसके पास 43 क्विंटल धान बेचने का टोकन था, जबकि वास्तविक पात्रता केवल 15 क्विंटल की थी। प्रशासन ने 15 क्विंटल धान बेचने की अनुमति दी, शेष 28 क्विंटल (68 बोरी) धान जब्त कर समिति प्रबंधक पोंडी के सुपुर्द कर दिया गया। तुलेश्वर के पंजीयन में 170 क्विंटल धान दर्ज था, लेकिन मौके पर 58 क्विंटल नया धान, 48 क्विंटल पुराना धान, 28 क्विंटल मिश्रित/खरीदा हुआ धान पाया गया। इस आधार पर कुल 76 क्विंटल अवैध/अनियमित धान जब्त किया गया। शेष 58 क्विंटल धान तुलेश्वर के खेत का पाया गया, जिसे वैध माना गया। किसानों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र संचालित, प्रशासन ने अनेक उपार्जन केन्द्रों में कृषक सहायता केंद्र स्थापित किए हैं, जहाँ किसानों को धान बेचने, रकबा संशोधन, समर्पण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में अधिकारियों द्वारा तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है। किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण, फर्जी खरीद-फरोख्त या टोकन के दुरुपयोग को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















