
मनेन्द्रगढ़। किसानों को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला एमसीबी द्वारा अधिवक्ता मयंक जैन को एफ.पी.ओ. (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) गठन प्रकल्प का जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद जिलेभर में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिल रहा है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयों और शुभकामनाओं से सराबोर कर दिया। संगठन से जुड़े लोगों का मानना है कि यह निर्णय किसान हितों को मजबूती देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बताया जाता है कि अधिवक्ता मयंक जैन लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। किसानों से जुड़े विषयों पर उनकी स्पष्ट समझ, व्यवहारिक अनुभव और सक्रिय सहभागिता को देखते हुए किसान मोर्चा ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। एफ.पी.ओ. गठन प्रकल्प का मुख्य उद्देश्य किसानों को एकजुट कर उन्हें बेहतर बाजार, उचित मूल्य और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोडऩा है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। नवनियुक्त जिला सह संयोजक मयंक जैन से अपेक्षा की जा रही है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को नई दिशा देंगे और जिले के किसानों के हित में प्रभावी कार्य करेंगे। शुभचिंतकों ने ईश्वर से कामना की है कि उनके नेतृत्व में एफ.पी.ओ. प्रकल्प सफल हो और इसका सीधा लाभ जिले के किसानों तक पहुंचे। उनकी नियुक्ति को किसान हित में एक सकारात्मक और दूरदर्शी निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।

















