सऊदी पर ईरानी हमले के बाद पाकिस्तान की स्थिति सांप-छछूंदर वाली, इस्लामिक देशों में शहबाज की होगी किरकिरी

इस्लामाबाद 13 मार्च। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले और ईरान द्वारा खाड़ी में ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान की स्थिति सांप-छछूंदर वाली हो गई है। इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गुरुवार को सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए। सऊदी अरब के साथ रक्षा समझौते के कारण इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान की भूमिका पर सबकी निगाहें हैं। दोनों देशों ने पिछले साल सितंबर में पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें किसी तीसरे देश द्वारा हमले की स्थिति में एक-दूसरे की रक्षा की प्रतिबद्धता जताई गई थी। पाकिस्तान ने यह समझौता ऑपरेशन सिंदूर के बाद किया था। हालांकि, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले शुरू करने के बाद हालात बदल गए हैं। अब पाकिस्तान को समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें। ईरान के साथ पाकिस्तान के अच्छे संबंधों और भौगोलिक निकटता को देखते हुए इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि क्या पाकिस्तान सऊदी अरब के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करेगा।विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार प्रधानमंत्री के साथ यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को क्षेत्र में संवाद और कूटनीति का मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से किए जा रहे व्यापक राजनयिक प्रयासों के हिस्से के रूप में भी देखा जाना चाहिए। गौरतलब है कि रक्षा बलों के प्रमुख (सीडीएफ) और सेना प्रमुख (सीओएएस) फील्ड मार्शल आसिम मुनीर द्वारा सात मार्च को सऊदी अरब की यात्रा के बाद यह दूसरी उच्च स्तरीय यात्रा है।

RO No. 13467/11