एसआईआर के बाद 23 को प्रारंभिक वोटर लिस्ट, इसी दिन से दावा-आपत्ति

जांच के बाद वोटर को नोटिस फिर होगा विलोपन
कोरबा। मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा चलाए गए एसआईआर यानि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आयोग ने बताया कि 23 दिसंबर को कोरबा जिले में प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होगी और इसी दिन से दावा-आपत्ति का काम शुरू होगा जो जनवरी तक चलेगा। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया में जांच के बाद संबंधित वोटर को नोटिस जारी किए जाएंगे। इस आधार पर सूची से उनके नाम विलोपन की कार्यवाही होगी।
कोरबा जिले में निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के अंतर्गत एसआईआर का काम किया गया। 4 नवम्बर से 18 दिसम्बर 2025 तक एसआईआर के दौरान व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बीएलओ द्वारा लगातार घर-घर संपर्क के उपरांत भी बीएलओ को जो निर्वाचक नहीं मिले या जिनके गणना प्रपत्र वापस नहीं मिले, इसका कारण है कि वे दूसरे राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों में मतदाता बन गए हों, या अस्तित्व में नहीं थे, या 18 दिसंबर तक फॉर्म जमा नहीं किया, या किसी कारणवश मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के इच्छुक नहीं है।
इसके बाद दावा-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात निर्मित मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए भारत निर्वाचन आयोग की सहमति प्राप्त की जाएगी। तत्पश्चात 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
आपत्ति पर सुनवाई का मौका भी मिलेगा
बताया गया कि 23 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन संबंधित मतदान केन्द्रों सहित सभी विनिर्दिष्ट स्थलों पर किया गया जाएगा। प्रारूप निर्वाचक नामावली छत्तीसगढ़ के वेबसाईट पर भी उपलब्ध रहेगी जहां से निर्वाचकों द्वारा अपने नाम की जाँच की जा सकेगी। 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक संंबंधित लोग सूची में अपना नाम न होने या किसी प्रकार की त्रुटि होने के संबंध में दावा/आपत्ति कर सकेंगे। प्रारंभिक सूची प्रकाशन और दावा-आपत्ति के निष्पादन के क्रम में निर्वाचक सूची से नाम विलोपन संबंधी प्राप्त आपत्ति के जांच उपरांत ही आवश्यकतानुसार संबंधित निर्वाचक को नोटिस जारी कर सुनवाई की तिथि के उपरांत ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्पष्ट आदेश स्पीकिंग ऑर्डर पारित कर किसी भी निर्वाचक का नाम निर्वाचक सूची से विलोपित किया जा सकेगा।

RO No. 13467/11