मोबाइल पर की बात फिर नदी में कूदकर महिला ने दी जान

चांपा। हसदेव नदी स्थित बाबा डेराघाट पर स्कूटी से पहुंची एक महिला वहां रूककर पहले मोबाइल फोन पर किसी से बात की, इसके बाद अचातक बहती नदी में छलांग लगा दी। पुलिस के साथ आसपास के लोगों की मदद से उसकी तलाश की गई और कुछ देर बाद उसके शव को बाहर निकाला गया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 27 फरवरी को हसदेव नदी के बाबा डेरा घाट के पास एक महिला अपनी स्कूटी में सवार होकर पहुंची। उसने स्कूटी को घाट के पहले खड़ी कर दी थी और वह मोबाइल फोन पर बात करते घाट की तरफ बढ़ चली। कुछ देर बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान नदी में डूबी महिला की तलाश कर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसके प्राण पखेरू उड चुके थे। पुलिस के मुताबिक मौके
पर मिली स्कूटी के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया गया और महिला की पहचान कृष्णा विहार कालोनी में रहने वाली श्रीमती सरोज अग्रवाल पति आशीष अग्रवाल के रूप में हुई। बहरहाल आत्महत्या का कारण अभी ज्ञात नहीं हो पाया है। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

RO No. 13467/11