फिर विवादों में JNU: पुलिस और छात्रों के बीच हिंसक झड़प, 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली। दिल्ली में जेएनयू छात्रसंघ की ओर से कुलगुरु के खिलाफ गुरुवार को जेएनयू परिसर से शिक्षा मंत्रालय तक ‘लांग मार्च’ निकालने की घोषणा के बाद परिसर के बाहर तनाव की स्थिति बन गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ऐसे बाहरी प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की जानकारी छात्रों को दी गई और उन्हें मार्च विश्वविद्यालय परिसर तक ही सीमित रखने को कहा। बावजूद इसके छात्र परिसर से बाहर जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने गेट के पास उन्हें रोका, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं, कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात भी सामने आई है। एसएचओ किशनगढ़ समेत कई पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है।

बैरिकेड हटाकर बाहर जाने की कोशिश

वहीं, छात्रसंघ अध्यक्ष अदिति मिश्रा, उपाध्यक्ष गोपिका के बाबू, महासचिव सुनील यादव, संयुक्त सचिव दानिश अली और पूर्व अध्यक्ष नितीश कुमार ने समर्थकों के साथ बैरिकेड हटाकर बाहर जाने की कोशिश की। जैसे ही छात्र मुख्य द्वार पार करने लगे, पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। अब तक करीब 50 छात्र हिरासत में लिए गए हैं।

दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि अनुमति नहीं होने के बावजूद दोपहर 3:20 बजे लगभग 500 छात्र मुख्य द्वार से बाहर निकलकर मार्च करने लगे।

RO No. 13467/11