
लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के सैन्य और आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल दुनियाभर में पसंद की जा रही है। लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल को इंडोनेशिया ने भी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। जल्द ही इंडोनेशिया से भारत का समझौता होने जा रहा है। राजनाथ सिंह शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे।
इस दौरान जन संवाद कार्यक्रम में रक्षामंत्री से प्रश्न किया गया कि दिल्ली विस्फोट में आतंकवादियों की संलिप्तता सामने आई है। क्या भारत इसे ‘एक्ट आफ वार’ मानते हुए पाकिस्तान पर कार्रवाई करेगा। इस पर रक्षामंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां जांच कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
झुकने नहीं दिया जाएगा भारत का मस्तक
भारत का मस्तक झुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बिहार की तरह ही यूपी में भी 2027 में जीत दोहराने की बात कही। पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सौभाग्य है कि जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने आपरेशन सिंदूर में करिश्मा किया, वह हमारे लखनऊ में बन रही है। अपनी सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने के लिए इंडोनेशिया के रक्षामंत्री लिए भारत आ रहे हैं। पिछले दिनों लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप रवाना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि भारत अपने मित्र देशों को उनकी सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस देगा। उस समय अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव अधिक था। इससे पहले वरिष्ठ कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में रक्षामंत्री ने कहा कि बिहार तो बंपर जीते, यूपी भी वैसे ही जीतेंगे। बिहार की विजय साधारण नहीं है। वहां जनता ने देखा कि बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है और इसीलिए एनडीए को फिर बिहार की सत्ता सौंप दी।





















