
डीएमएफ के 17 करोड रुपए खर्च हुए हैं इस काम पर
कोरबा। लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर के नामा पर कोरबा के रिस्दी रोड में बने वृहद क्षमता वाले कन्वेंशन हॉल के छज्जे का बड़ा हिस्सा बीती रात धराशायी हो गया। इसकी आवाज इस कदर रही कि उसे जिला जेल के आसपास तक सुना गया। अगली सुबह इस बारे में तथ्य सामने आए। आनन-फानन में सुधार कार्य शुरू कराया गया। सबसे खास बात यह रही कि यह घटना हॉल के लोकार्पण के ठीक 29 दिन बाद हुई। दावा किया जा रहा है कि घटना के पीछे बारिश एक कारण हो सकती है।
1714.62 लाख रुपए जिला खनिज न्यास मद से इस निर्माण पर व्यय किए गए। लगभग 7 वर्ष में इसकाम को पूरा किया गया। लंबे समय में निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 12 जून 2025 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरूण साव के द्वारा कन्वेंशन हॉल का लोकार्पण किया गया। इसके लिए स्थानीय स्तर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कई बड़ी हस्तियां और जन सामान्य की उपस्थिति समारोह में दर्ज हुई। लोकार्पण समारोह का एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि कन्वेंशन हॉल के निर्माण की क्वालिटी उजागर हो गई। बारिश के महीने में हुई घटना के दौरान पिछली रात जोर की आवाज के साथ छज्जे का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर नीचे आ गिरा। काफी ऊंचाई से वजनी सामान के नीचे गिरने पर हुई आवाज को जिला जेल परिसर और कर्मियों की कालोनी तक सुना गया। लोगों को भ्रम हुआ कि कहीं कोई धमाका हुआ है। अगली सुबह मालूम चाला कि कन्वेंशन हॉल का छज्जा गिरा था। नीचे सैंकड़ों पक्के टुकड़े पड़े थे और ऊपर के निर्माण स्थल पर लोहे की रॉड कामकाज की सच्चाई बता रही थी। खबर के अनुसार आनन-फानन में ही यहां के सुधार कार्य को आज सुबह प्रारंभ कराया गया।
बड़ा समारोह हुआ था योग दिवस पर
लोकार्पण के 9 दिन बाद इस भवन में पहला बड़ा आयोजन अंतर्राष्ट्रीय 11वें योग दिवस पर किया गया। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव, श्रम, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित जिले के जनप्रतिनिधि व नागरिक संगठनों के लोग शामिल हुए। इसके साथ कन्वेंशन हॉल की ख्याति बढ़ी। याद रहे इससे पूर्व कन्वेंशन हॉल के लोकार्पण पर लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की विशाल प्रतिमा का अनावरण भी सामने के हिस्से में किया गया।