
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का स्मारक बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाया जाएगा। विद्या प्रतिष्ठान पवार परिवार द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान है।
अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती हवाईअड्डे के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
जहां हुआ था अंतिम संस्कार वहीं, बनेगा स्मारक
अजित पवार के करीबी सहयोगी रहे किरण गुजर ने रविवार को बताया कि यह स्मारक उसी विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाया जाएगा, जहां अजित पवार का अंतिम संस्कार हुआ था।
शरद पवार ने दिए निर्देश
गुजर ने कहा, शरद पवार साहब, अंतिम संस्कार स्थल पर आए थे और उन्होंने मुझे तथा विद्या प्रतिष्ठान के ट्रस्टियों को अजित दादा के स्मारक के लिए योजना बनाने का निर्देश दिया। आने वाले दिनों में ट्रस्टियों के साथ चर्चा की जाएगी ताकि स्मारक के डिजाइन और संरचना को अंतिम रूप दिया जा सके।






























