
कोरबा। दीपका नगर में दिनांक 25 दिसम्बर को सर्व हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में नगर की तीन बस्तियों में आयोजित सर्व हिन्दू सम्मेलन में भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। सम्मेलन स्थलों पर नगरवासियों की अभूतपूर्व भीड़ और उत्साह देखने को मिला, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय एवं उत्सवपूर्ण बन गया।इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कोरबा जिला के बौद्धिक प्रमुख डॉ. ईश्वर श्रीवास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने हिन्दू समाज की एकता, संगठन की शक्ति एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ सराहा।सम्मेलन में सभी समाजों, सभी वर्गों एवं नगर की विभिन्न बस्तियों से आए नागरिकों ने बढ़-चढक़र सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।कार्यक्रम के दौरान राम नाम लेखन महायज्ञ की पुस्तिकाएँ भी बड़ी संख्या में श्रद्धापूर्वक जमा की गईं। आयोजन समिति ने सम्मेलन की सफलता के लिए दीपका नगर के समस्त नागरिकों, सभी समाजों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
















