
कोरबा। शहरी क्षेत्र की विभिन्न सडक़ों को ठीक करने के लिए ध्यान दिया जा रहा है, इस तरह की खबरें लगातार आ रही हैं। इन सब के बावजूद बालको नगर क्षेत्र में अंबिका मंदिर से लेकर चेक पोस्ट को जाने वाला रास्ता खस्ताहाल हो चुका है। इसे ठीक करने की ना तो मानसिकता बनाई गई है और ना ही कोई योजना।
लगभग 5 किलोमीटर लंबा यह रास्ता काफी समय से जर्जर स्थिति में है। कई स्थान पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं तो कई जगह पर सडक़ गायब हो चुकी है। दिन में तो बात समझ में आती है लेकिन रात को आवागमन करने के दौरान लोगों को अनुमान लगाना पड़ता है कि कहां से निकलना ठीक होगा। बीते दिनों में कई बार छोटी बड़ी घटनाएं हो चुकी है और लोगों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। पीडि़त और जन सामान्य ने इस मसले को लेकर नगर पालिका निगम के अलावा प्रशासन तक बात पहुंचाई है। उनकी ओर से कहा गया है कि जब नगर निगम के दूसरे क्षेत्रों की मुख्य सडक़ों को ठीक करने के लिए पर्याप्त धनराशि है और ऐसे कार्यों पर विचार करने के साथ वित्तीय धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है तो फिर बालको नगर के मामले में विचार कब होगा। लोगों का यह भी कहना है कि अगर सबका साथ सबका विकास के स्लोगन के साथ क्षेत्र में कामकाज कराए जा रहे हैं तो आखिर हमारे इलाके का नंबर काम आएगा और इसके लिए कौन सा तरीका अपनाना होगा। अंबिका मंदिर क्षेत्र में लोगों की शिकायत इस बात को लेकर भी है कि वहां पर नालियों का निर्माण करने के मामले में भी उदासीनता बरती गई है। इसलिए हर बारिश के मौसम में क्षेत्र में जल जमाव की समस्या उत्पन्न होती है और लोग परेशान होते हैं। क्षेत्र के नागरिकों ने हैरानी के साथ कहा कि जब समाधान शिविर और सूरज जैसे अभियान चलाने पर काम किया जा रहा है तो फिर भी यह क्षेत्र समस्याओं से ग्रसित क्यों है और इसकी सुध लेने के लिए आखिर क्या कुछ करना होगा।


















