एंटी-शिप मिसाइलों से लैस थे अमेरिकी लड़ाकू विमान श्रीलंका ने सुरक्षा कारणों से नहीं दी लैंडिंग की अनुमति

कोलंबो, २१ मार्च ।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने शुक्रवार को संसद को बताया कि उनकी सरकार ने मार्च की शुरुआत में अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों को देश के दक्षिण-पूर्व में स्थित मत्ताला इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था। दिसानायके ने बताया कि जिबूती स्थित अमेरिकी बेस के दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने चार और आठ मार्च को श्रीलंका आने की अनुमति मांगी थी, लेकिन दोनों अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया था। उन्होंने कहा, हम कई तरह के दबावों के बावजूद अपनी तटस्थता बनाए रखना चाहते हैं। हम झुकेंगे नहीं। पश्चिम एशिया का युद्ध चुनौतियां पैदा कर रहा है, लेकिन हम तटस्थ रहने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने कहा, वे जिबूती से आठ पोत रोधी मिसाइलों से लैसे दो लड़ाकू विमानों को मत्ताला इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लाना चाहते थे और हमने मना कर दिया।उनका यह बयान दक्षिण व मध्य एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर से मुलाकात के एक दिन बाद आया है।
चार मार्च को अमेरिका ने श्रीलंका के तटीय शहर गाले के निकट ईरान के आइआरआइएस देना को निशाना बनाया था। इसमें 84 नाविकों की मौत हुई थी, जबकि 32 को बचा लिया गया था।

RO No. 13467/11