
नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले जारी हैं। रविवार को इन हमलों में चर्निहीव इलाके में एक आदमी की मौत हो गई और कई घायल हो गए। क्रेमेनचुक शहर पर रूस के हवाई हमले में ऊर्जा और जल सुविधाओं को नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त रूसी सेना ने यूक्रेन की परिवहन सुविधाओं, ईंधन और ऊर्जा से संबंधित ठिकानों को भी निशाना बनाया। रूस ने यूक्रेन के खार्कीव इलाके के दो और गांवों पर कब्जा करने का दावा किया है। इस बीच युद्ध खत्म कराने के लिए वार्ता भी जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि शांति स्थापित होने में सिर्फ 10 मीटर का सफर बचा है। जबकि रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि वह अमेरिकी शांति योजना में व्यापक बदलाव चाहता है। इन बदलावों के बारे में अमेरिकी प्रतिनिधियों को बता दिया गया है।
यूक्रेन ने कहा- जान-बूझकर ऊर्जा ठिकानों पर हमला बोल रहा रूस
यूक्रेन ने कहा है कि रूस जान-बूझकर ऊर्जा ठिकानों और जल सुविधाओं को निशाना बना रहा है। इससे वह आमजनों को परेशान करना चाहता है। रूस ठंड को हथियार बनाकर युद्ध लड़ रहा है। युद्ध को खत्म कराने के लिए अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच रविवार को तीसरे दिन भी वार्ता हुई।



























