
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर के आइगिनिया इलाके में स्थित एक आलू गोदाम के कोल्ड स्टोरेज में देर रात अमोनिया गैस के रिसाव से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। गैस की तेज दुर्गंध फैलते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने आंखों और नाक में जलन की शिकायत की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान कोल्ड स्टोरेज में मरम्मत कार्य भी किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गैस रिसाव कोल्ड स्टोरेज के रिफिल एरिया के पास हुआ। दमकल विभाग की दो गाडिय़ों को मौके पर तैनात किया गया, जिन्होंने रिसाव के स्रोत की पहचान कर उसे नियंत्रित किया। एहतियातन कोल्ड स्टोरेज में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। मरम्मत के बाद आसपास के इलाके में दुर्गंध कम हो गई, लेकिन कोल्ड स्टोरेज परिसर के अंदर गैस की गंध बनी रही, जिसके चलते प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
पुलिस और दमकल विभाग ने आसपास के निवासियों को घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी। साथ ही इलाके से गुजरने वाले लोगों को मास्क पहनने और घटनास्थल के पास भीड़ न लगाने की अपील की गई। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रात करीब 12.45 बजे आग जैसी स्थिति दिखाई दी थी। दमकल विभाग के पहुंचने के बाद पानी का छिडक़ाव किया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर और दमकल गाडिय़ां मंगानी पड़ीं।
पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।























