फर्रुखाबाद में सिलिंडर बुकिंग की लाइन में खड़े बुजुर्ग को पड़ा दिल का दौरा, मौके पर मौत

फर्रुखाबाद 14 मार्च। सिलिंडर बुक कराने के लिए गैस एजेंसी गए वरिष्ठ नागरिक गश खाकर गिर गए। कुछ युवकों ने सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर जान बचाने की कोशिश की। होश न आने पर लोग उन्हें उठाकर अस्पताल ले गए।वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर स्वजन उनका शव घर ले आए। स्वजन ने कहा कि गैस एजेंसी की कतार में लगे होने पर उन्हें हार्टअटैक (हृदयघात) पड़ा है। हालांकि प्रबंधक ने एजेंसी पर ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुहल्ला गढ़ी खानखाना मनिहारी निवासी 65 वर्षीय मो. मुख्तियार अंसारी गैस सिलिंडर बुक कराने के लिए लालसराय स्थित नेशनल गैस एजेंसी पर गए थे। वह चबूतरे पर चढक़र कतार में खड़े हुए तभी चक्कर खाकर गिर गए।कुछ लोग उन्हें उठाकर पास के मैदान में ले गए और उन्हें सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की। जब उन्हें होश नहीं आया तो आवास विकास कॉलोनी स्थित हृदय रोग विशेषज्ञ के पास ले गए। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे स्वजन शव घर ले गए। सभासद रफी अंसारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक की पत्नी की मौत हो चुकी है। परिवार में पुत्र शहनवाज अंसारी, मुदस्सिर व पुत्री शबनम, तरन्नुम, रूबी, गुलनाज, राजदा हैं। दिवंगत मुख्तियार के भतीजे अल्तमस अंसारी ने बताया कि वह एजेंसी पर सिलिंडर के लिए कतार में लगे थे। तभी वह गिर गए थे।उनका इलाज हृदयरोग संस्थान कानपुर से चल रहा था। उधर गैस एजेंसी के प्रबंधक फैसल ने बताया कि एजेंसी सुबह नौ बजे खुली थी।
एजेंसी के सामने यदि कोई गिरता तो जानकारी जरूर होती। किसी ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है।

RO No. 13467/11