
कोरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संचालित स्वरोजगार एवं जनहितकारी योजनाएं अब केवल नीतिगत परिवर्तन का माध्यम नहीं रह गई हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर आम नागरिकों के जीवन में संघर्ष से सुकून की ओर बढ़ते परिवर्तन की सशक्त मिसाल बन रही हैं। प्रधानमंत्री सृजन स्वरोजगार योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर एक सफल उद्यमी के रूप में पहचान स्थापित करने वाली ग्राम पंचायत तोलगा निवासी श्रीमती अंजना आज प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए संसाधन प्रदाता बन चुकी हैं। वे न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण हैं, बल्कि अपने गांव एवं आसपास के वंचित परिवारों के लिए सुकून की छांव भी बन रही हैं। कोरिया जिले के ग्राम पंचायत तोलगा में निवासरत श्रीमती अंजना उरांव जनपद पंचायत खडग़वां में अंशकालिक कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। स्नातकोत्तर शिक्षित अंजना के पति श्री अनिल कुमार एक सामान्य कृषक हैं। अत्यंत साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली अंजना ने प्रधानमंत्री सृजन स्वरोजगार योजना के माध्यम से आज एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। श्रीमती अंजना ने गत वर्ष प्रधानमंत्री सृजन स्वरोजगार योजना से जुडक़र फ्लाई ऐश ईंट निर्माण की इकाई स्थापित की। अक्टूबर 2025 से उनकी इकाई में नियमित उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। उनके द्वारा निर्मित ईंटों की सर्वाधिक मांग आसपास के गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत बन रहे आवासों में हो रही है। उनका यह उद्यम अब केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि वंचित वर्ग के लिए स्थायी और सुरक्षित आवास निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रत्येक परिवार का सपना होता है कि उसका अपना पक्का घर हो। इस सपने को साकार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की जा रही है। कोरिया जिले में इस योजना के अंतर्गत हजारों आवास निर्माणाधीन हैं।




























