
जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम भलवाही में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के कुछ लोगों द्वारा जमीन विवाद पर एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार करा दिया गया। इसके लिए गांव में मुनादी तक करा दी गई है। पीडि़त परिवार ने मुलमुला थाना पहुंच कर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मदन खुटे का आरोप है कि उनके पूरे परिवार को सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर दिया गया है। गांव के
कुछ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत करते हुए बताया गया कि सभी ने मिलकर हुक्का-पानी बंद कराने की मुनादी करा दी है। आरोप है कि 4 जनवरी को मुनादी कराकर परिवार को गांव से बहिष्कृत करने
का ऐलान किया गया। पीडि़त परिवार का कहना है कि उन्हें बीते छह माह से मानसिक व सामाजिक
रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। पीडि़तों के अनुसार यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। शासकीय जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास का निर्माण हो रहा था, जिसे लेकर विवाद चल रहा है जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद कानून को हाथ में लेते हुए सामाजिक बहिष्कार जैसा अमानवीय कदम उठाया गया। पीडि़त परिवार सामाजिक बहिष्कार के फरमान से परेशान है। मानसिक रुप से परेशान पीडि़त परिवार ने थाना मुलमुला में लिखित शिकायत दर्ज कराकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल का कहना है कि थाने में शिकायत आई है।
















