
कोरबा । कोरबा जिलान्तर्गत बालको टाउनशिप इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। विशिष्ट अतिथि के रूप में सत्येंद्र दुबे, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलम सिंह, अध्यक्ष चन्द्रमाणी यादव, उपाध्यक्ष राजकुमार यादव और सचिव रविंद्र कुमार यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत परेड दल द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती संजू देवी राजपूत को सलामी देने से हुई। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने तिलक व पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मां सरस्वती की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ वार्षिक उत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
महापौर श्रीमती राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्रदान करने वाले इस विद्यालय में गणित, विज्ञान और वाणिज्य विषयों का सशक्त अध्यापन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले कई विद्यार्थी आज उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो विद्यालय की उपलब्धियों का प्रमाण है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विद्यालय के बच्चे न सिर्फ पढ़ाई में, बल्कि खेलकूद में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन द्वारा खेल मैदान की बाउंड्री वॉल का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर महापौर ने आश्वासन दिया कि बालको प्रबंधन से चर्चा कर शीघ्र ही इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।तत्पश्चात छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गणेश वंदना से शुरू हुआ कार्यक्रम संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सरोबार रहा। दर्शकों ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की जमकर सराहना की।















