
अमृतसर: पंजाब पुलिस के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी), अमृतसर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में तरनतारन के खेमकरण क्षेत्र में भारत-पाक सीमा के पास से हथियारों की एक बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई एक खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। पंजाब पुलिस ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर साझा की। पंजाब पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों में दो एके-47 राइफलें, दो एके-47 मैगजीन, एक पीएक्स5 स्टॉर्म पिस्तौल (मैगजीन सहित) और 10 जिंदा कारतूस शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये हथियार पाकिस्तान से तस्करी के जरिए भारत लाए गए थे। इस मामले में एसएसओसी, अमृतसर ने एक प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का लक्ष्य तस्करों की पहचान करना, उनके नेटवर्क का पता लगाना और उसे ध्वस्त करना है। पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध को खत्म करने और राज्य में शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। यह अभियान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस और बीएसएफ की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का उपयोग किन गतिविधियों के लिए किया जाना था। वहीं, पंजाब पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस के मुताबिक, जांच अभी जारी है और जल्द ही तस्करी नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।