सेना ने तेज कीं ऑपरेशनल तैयारियां LoC पर रखी जा रही पैनी नजर

जम्मू , १८ मार्च ।
जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही सेना की उत्तरी कमान के शीर्ष अधिकारी अपने दौरों से प्रदेश में आतंकियों और देशविरोधी तत्त्वों के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए सेना की ऑपरेशनल तैयारियों को तेजी दे रहे हैं। मंगलवार को सेना की उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने कश्मीर का दौरा कर वहां आतंकियों के खिलाफ अभियान को और गति देने पर जोर दिया। उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सैन्यकर्मियों को सम्मानित करने के साथ उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस बीच कश्मीर दौरे के दौरान आर्मी कमांडर ने कश्मीर घाटी में शांति व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बडग़ाम में स्थापित ज्वाइंट कंट्रोल सेंटर के समन्वित प्रयासों के बारे में जानकारी ली। आर्मी कमांडर ने कश्मीर घाटी में काउंटर टेरेरिज्म ग्रिड को मजबूत बनाने की कार्रवाई के साथ सुरक्षाबलों, खुफिया एजेंसियों व जम्मू कश्मीर पुलिस की संयुक्त आपरेशनल तैयारियों के बारे में जानकारी ली।उन्होंने आतंकवाद से लड़ रहे सैनिकों के उच्च मनोबल व सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने की बेहतर तैयारियों की सराहना की। वहीं, जम्मू संभाग की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली सेना की सोलह कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने मंगलवार को जम्मू के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के अग्रिम इलाकों में ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की।उन्होंने कोर की क्रॉॅस्ड स्वार्ड्स डिवीजन के जीओसी के साथ अग्रिम चौकियों का दौरा कर सुरक्षा हालात की जानकारी लेने के साथ वहां तैनात सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने जवानों से बातचीत कर रक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने व ऑपरेशनल प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में पूछा।

RO No. 13467/11