चंद्रगिरी तीर्थ से औद्योगिक तीर्थ पहुंच रही आर्यिका गुरूमतिमाता

कोरबा। संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य एवं पट्टाचार्य समय सागर महाराज के संघ की आर्यिका गुरुमति माता एवं आर्यिका दृढ़मती माता का 42 पिच्छियों के साथ आर्यिका एवं माता का ससंघ विहार कोरबा की ओर हो गया है।
पिच्छियों के साथ इतना बड़ा संघ विगत फरवरी 25 से डोंगरगढ़ चंद्रगिरीतीर्थ से सम्मेद शिखर तीर्थ जिला गिरीडीह, झारखंड की ओर हो रहा है। वर्तमान में आर्यिका एवं माताजी का इतना बड़ा संघ कोरबा में पहली बार आगमन हो रहा है।वर्तमान में 42 पिच्छियों के साथ माताजी का विशाल ससंघ सोमवार को सरईश्रृंगार डोंगरी से विहार कर खिसोरा में आहार चर्या संपन्न हुई। तत्पश्चात विहार कर पंतोरा में रात्रि विश्राम होगा।
सुबह मंगलवार को पंतोरा स्कूल से कनवेरी स्कूल के लिए विहार होगा जहां माताजी का ससंघ आहारचर्या संपन्न होगी। इसके बाद ससंघ का विहार सर्वमंगला मंदिर के पीछे स्नेह सदन की ओर होगा जहां रात्रि विश्राम होगा। 26 मार्च बुधवार को सुबह 6बजे से दिगंबर जैन मंदिर कोरबा के लिए गाजे बाजे के साथ भव्य मंगल प्रवेश होगा। इसके लिए जैन समाज के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण कोरबा में भव्य मंगल प्रवेश के लिए विशेष तैयारी में जुटे हुए है। जैन मिलन समिति ने जैन समाज से आग्रह किया है कि इस भव्य मंगल प्रवेश को सफल बनाने सुबह 6 बजे सर्वमंगला मंदिर के पास पहुंचें। माता का सत्संग आहारचर्या बुधवार को दिगंबर जैन मंदिर में संपन्न होगी।

RO No. 13467/9