
बाहरी दिल्ली, १६ जून ।
नामी कंपनी का टैग लगाकर नकली टी-शर्ट, बेल्ट, परफ्यूम और शार्ट्स बेचने वाली एक कंपनी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पीतमपुरा स्थित एक स्टोर पर छापा मारकर लुई वितों नामक नामी ब्रांड के जाली लेबल के साथ लगभग दो नकली प्रिंटेड शार्ट्स, टी-शर्ट, बेल्ट, परफ्यूम बरामद किए गए।पुलिस ने स्टोर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि कंपनी संचालक करनाल (हरियाणा) का रहने वाला है। फिलहाल देश में नहीं है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि बाजार में हाई वैल्यू ब्रांड ‘लुई वितों’ के नकली लेबल वाले शार्ट्स, टी-शर्ट, बेल्ट, परफ्यूम के बारे में कंपनी की ओर से पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई। इस शिकायत के बाद पुलिस ने जानकारी जुटाकर पीतमपुरा स्थित इमारत की पहली मंजिल पर बायज स्ट्रीट नामक एक दुकान में छापा मारा और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान दिल्ली के शादी नगर, आजादपुर निवासी हर्षित के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, स्टोर से लुई वितों ब्रांड के जाली लेबल के साथ नकली मुद्रित शार्ट्स, टी-शर्ट, बेल्ट, परफ्यूम के लगभग दो सौ आइटम बरामद किए। पूछताछ के दौरान पता चला कि अवैध इकाई का संचालन पंकज मनचंदा नामक व्यक्ति कर रहा है। पंकज करनाल का रहने वाला है।आरोपित हर्षित ने बताया कि विनिर्माण इकाई पिछले साल पंकज मनचंदा ने स्थापित की थी। तभी से यह शार्ट्स, टी-शर्ट, बेल्ट और परफ्यूम बनाने में लगी हुई है। जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हर्षित स्टोर में मैनेजर के तौर पर काम करता है और मालिक पंकज मनचंदा के निर्देशन में काम करता है। पूछताछ में पता चला कि मालिक पंकज मनचंदा करनाल का रहने वाला है और फिलहाल देश से बाहर है। उसके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



























