
जांजगीर। जांजगीर देवरी पिकनिक स्पॉट पर नहाने के दौरान बहे युवक आशीष भाई का शव सोमवार को महुदा गांव के पास नदी में फंसा मिला। शव कुदरी बैराज से करीब 1.5 किलोमीटर पहले टापूनुमा जगह पर अटका था। नगर सेना और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर शव निकाला। रविवार को एक युवक का शव बरामद हुआ था। वहीं युवती की तलाश जारी है। पिछले शनिवार को बिलासपुर से पांच युवक-युवतियां देवरी पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पिकनिक की। इसके बाद वे सभी नहाने के लिए हसदेव नदी में उतर गए। इस दौरान एकाएक पानी के तेज बहाव में आकर वे बहने लगे। इनमें से मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर किसी तरह निकल कर पानी से बाहर आ गए।
वहीं अंकुर कुशवाहा, स्वर्णरेखा ठाकुर और आशीष भोई भंवर की चपेट में आ गए। वे आधे घंटे तक गोते खाते रहे और फिर डूब गए। बचकर निकले युवक-युवती ने गांववालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। रात में किसी तरह की सर्चिंग नहीं की जा सकी। रविवार की सुबह दिनभर की तलाश के बाद 15 किमी दूर अंकुर कुशवाहा का शव कुदरी बैराज के पास बहता मिला। युवती का शव भी पानी में देखा गया, लेकिन इससे पहले की उस तक पहुंच जाता वह फिर से खो गया। सोमवार को दिनभर की मेहनत में आशीष भोई का शव महुदा गांव के पास मिला।





















