
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में ढाई साल से अधिक समय तक जेल में बंद रहे गौ रक्षक मोनू मानेसर को जयपुर हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद सेवर जेल से रिहा कर दिया गया। मोनू मानेसर की रिहाई के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मोनू मानेसर को जेल से बाहर लाते समय बुलेटप्रुफ जैकेट पहनाया गया और हरियाणा से आए गौ सेवकों ने उन्हें लेने के लिए पहुंचकर उनका स्वागत किया। पुलिस की गाडिय़ों ने उनकी गाड़ी को एस्कॉर्ट किया। मोनू मानेसर के वकील ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद ढाई साल बाद उनका क्लाइंट आजादी में आया है। हमारा क्लाइंट निर्दोष है और उसे फंसाया गया था। जल्द ही न्याय मिलेगा। यह मामला 15 फरवरी 2023 को राजस्थान के डीग जिले के घाटमिका निवासी नासिर और जुनैद की हत्या से जुड़ा है। दोनों पर गौ तस्करी का आरोप लगाया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि उनकी हत्या कर शवों को जला दिया गया। 15 फरवरी को गोपालगढ़ थाने में दोनों के लापता होने की एफआईआर दर्ज हुई। अगले दिन हरियाणा के भिवानी में एक गाड़ी मिली, जिसमें दो कंकाल पाए गए। जांच में दोनों की पहचान नासिर और जुनैद के रूप में हुई।





















