बलौदा पुलिस ने चोरी के तीन मामले में आरोपी को दबोचा

जांजगीर। थाना बलौदा क्षेत्र में सूने घरों को निशाना बनाकर हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नकद सहित करीब 3 लाख 70 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गणेश केंवट उर्फ बुट्टी (24) निवासी औराभोई पारा हरदी महामाया, रोशन बरेठ (18) और दिनेश बरेठ (20) निवासी हरदी महामाया शामिल हैं।
पहला मामला हरदी महामाया निवासी 82 वर्षीय दाऊ राम साहू का है। 17 जनवरी को वे घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 27 फरवरी को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर में सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का ताला टूटा हुआ है। अलमारी से चांदी की करधन, पायल, अंगूठियां, सोने की फुली और 20 हजार रुपए नकद चोरी मिले।
दूसरा मामला न्यू चंदनियापारा जांजगीर निवासी आनंद मोहन पाण्डेय का है। उनके हरदी महामाया स्थित घर में 18 फरवरी से 9 मार्च के बीच चोरों ने घुसकर सोने-चांदी के पुराने जेवर और 5 हजार रुपए चोरी कर लिए, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। तीसरा मामला हरिओम साहू का है, जो वर्तमान में रायपुर में रहते हैं। 10 मार्च को जब वे हरदी महामाया स्थित घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा मिला और पीतल-कांसे के बर्तन गायब थे। तीनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।

RO No. 13467/11