बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव… खरगे की डिनर पार्टी में वो भी आए, जो कांग्रेस से बना रहे थे दूरी

नईदिल्ली, १२ अगस्त ।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने सोमवार को इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। इस डिनर में शरद पवार, सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे नेता शामिल हुए। यह रात्रिभोज बिहार में मतदाता सूची संशोधन और कथित चुनावी धांधली के खिलाफ विपक्ष को फिर से एकजुट करने के लिए हुआ। समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, डिंपल यादव और जया बच्चन, द्रमुक की के. कनिमोझी और टीआर बालू, राजद की मीसा भारती, शिवसेना के संजय राउत और प्रियंका चतुर्वेदी, कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई विपक्षी सांसदों ने यहां होटल ताज पैलेस में आयोजित रात्रिभोज में भाग लिया। हालांकि रात्रिभोज में ज्यादातर इंडिया ब्लॉक के सांसद मौजूद थे, लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) के संजय सिंह और संदीप पाठक, जो इस समूह का हिस्सा नहीं हैं, वह भी इस दीनार में शामिल हुए।यह रात्रिभोज उस बैठक के कुछ ही दिन बाद हो रहा है जिसमें भारत के शीर्ष नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रात्रिभोज दिया था।
इस बैठक में उन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के साथ-साथ भाजपा और चुनाव आयोग के वोट चोरी मॉडल के खिलाफ लडऩे का संकल्प लिया था।लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद, जून 2024 में खडग़े के आवास पर हुई पिछली मुलाकात के बाद से विपक्षी खेमे के शीर्ष नेताओं की यह पहली प्रत्यक्ष बैठक थी।
उस बैठक के दौरान, राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के माध्यम से भाजपा द्वारा कथित रूप से अपनाए जा रहे वोट चोरी मॉडल पर अपनी बात रखी।इससे पहले सोमवार को, राहुल गांधी, खडग़े और पवार सहित विपक्षी सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी के खिलाफ संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक एक विरोध मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया।

RO No. 13467/11