चुनाव की तारीखों से पहले ही ‘छावनी’ बनेगा बंगाल, आचार संहिता लगने से पहले ही मोर्चा संभालेगी फोर्स

कोलकाता। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआइ) ने बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने राज्य में मतदान की तिथियों की घोषणा और आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। निर्वाचन आयोग द्वारा शनिवार को जारी इस अधिसूचना ने राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया यह निर्णय दर्शाता है कि आयोग इस बार बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर है।

होली के तत्काल बाद घोषित हो जाएगा चुनाव

आयोग की योजना के अनुसार, केंद्रीय बलों की यह तैनाती दो रणनीतिक चरणों में संपन्न की जाएगी। पहले चरण की शुरुआत आगामी एक मार्च से होगी। गौर करने वाली बात यह है कि इस अवधि तक न तो चुनाव की तिथि अधिसूचित होंगी और न ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी होगी। इसके बाद दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा, जिसके बारे में यह संभावना जताई जा रही है कि तब तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी होगी और आचार संहिता लागू हो जाएगी। सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन आयोग होली के तत्काल बाद मतदान के विभिन्न चरणों की घोषणा कर सकता है।

RO No. 13467/11