ग्राम पंचायत मनसुख में पुल निर्माण का भूमि पूजन, विकास की नई दिशा की ओर कदम

कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बहूप्रशिक्षित धनुहार नदी पर पुल निर्माण का भूमि पूजन गत 7 नवम्बर 25, शुक्रवार को ग्राम पंचायत मनसुख में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। यह अवसर न केवल ग्रामवासियों के लिए ऐतिहासिक पल था, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी साबित हुआ। लंबे समय से ग्रामवासी इस पुल की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भैया लाल राजवाड़े (विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री) उपस्थित रहे। उनके साथ मोहित पैकरा अध्यक्ष जिला पंचायत कोरिया, श्रीमती वंदना विजय राजवाड़े (जिला पंचायत उपाध्यक्ष), श्रीमती शिव कुमारी (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती सुषमा कोरमा (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती संगीता सोनवानी (जिला पंचायत सदस्य) तथा श्रीमती सौभाग्यवती सिंह खुसरो (जिला पंचायत सदस्य) भी इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त आसपास के क्षेत्रों के सरपंच, उप सरपंच, पंचगण तथा स्थानीय नागरिकों की भी भारी उपस्थिति रही। भूमि पूजन कार्यक्रम पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आरंभ हुआ। पूजा-अर्चना के पश्चात अतिथियों ने नारियल फोडक़र और कुदाल चलाकर पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत गीतों और नारे लगाकर अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भैया लाल राजवाड़े ने कहा कि यह पुल न केवल मनसुख ग्राम बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के जीवन में परिवर्तन लाएगा। इस क्षेत्र को अब विकास की नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाएगा ताकि जनता को शीघ्र सुविधा मिल सके।
श्रीमती वंदना विजय राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि पुल का निर्माण ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी, और अब यह सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पुल से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
वहीं, अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि यह पुल ग्रामीण विकास का प्रतीक है और आने वाले समय में यह क्षेत्र के आर्थिक उत्थान में अहम भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पुल के बनने से बरसात के दिनों में अब आवागमन की समस्या नहीं रहेगी। लोग स्कूल, अस्पताल और बाजार तक आसानी से पहुंच सकेंगे।इस प्रकार ग्राम पंचायत मनसुख में आयोजित यह भूमि पूजन समारोह विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ। पुल निर्माण कार्य की शुरुआत ने क्षेत्रवासियों के बीच नव उत्साह और उम्मीद की किरण जगा दी है। एक बार फिर से समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

RO No. 13467/10