
मुंबई । महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने आतंकी गतिविधियों के ऑनलाइन नेटवर्क की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इस मामले में मुंबई में छापेमारी के बाद इंजीनियरिंग छात्र अयान शेख को गिरफ्तार किया गया है। अयान पर पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआईएस से संबंध रखने का आरोप है। एटीएस की शुरुआती जांच के अनुसार, अयान पिछले छह महीनों से मुंबई में जैश के लिए स्लीपर एजेंट के तौर पर काम कर रहा था। एजेंसी का दावा है कि संगठन ने उसे युवाओं को कट्टरपंथ की ओर मोडऩे और नए लोगों की भर्ती करने की जिम्मेदारी दी थी।
इसी काम के तहत वह अपने साथ पढऩे वाले दो छात्रों और कई करीबी दोस्तों को आतंकी संगठन के लिए काम करने के लिए लगातार ब्रेनवॉश कर रहा था। जांच में सामने आया है कि अयान शेख ने अपने दो दोस्तों को इस कदर प्रभावित कर दिया था कि वे देश छोडक़र बाहर जाने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की योजना बनाने लगे थे। एटीएस ने दोनों छात्रों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि जांच एजेंसी के अनुसार अभी तक यह सामने नहीं आया है कि वे किसी आतंकी गतिविधि में सक्रिय रूप से शामिल हुए थे।




















