
गोरखपुर, १० नवंबर ।
उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् का गायन अनिवार्य किया जाएगा। गोरखपुर में एकता पदयात्रा के दौरान सीएम योगी ने ऐलान किया। सोमवार को सीएम योगी ने गोरखपुर में एकता पदयात्रा की। सुबह के नौ बजते ही गोलघर की ओर बढ़ती भीड़ और सजी-संवरी सडक़ों ने इस बात का इशारा दे दिया था कि आज शहर में कोई बड़ा आयोजन है। मौका था सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मतिथि पर निकली एकता यात्रा का, और स्वागत में गोरछनगरी की बड़ी आबादी उमड़ पड़ी। नगर निगम मुख्य द्वार से लेकर काली मंदिर स्थित पटेल चौक तक दोनों ओर खड़े लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभूतपूर्व स्वागत किया।सडक़ों के दोनों ओर भगवा और केसरिया रंग की झालरों से सजावट की गई थी। पूरे यात्रा मार्ग और आस पास की इमारतों के मुंडेर पर पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात थे और आमजन में मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर गजब का उत्साह देखा गया।






















