
वाशिंगटन। ट्रंप प्रशासन ने 19 ‘चिंता वाले देशों’ से ग्रीन कार्ड, अमेरिकी नागरिकता और अन्य आव्रजन (इमिग्रेशन) आवेदनों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह निर्देश पिछले महीने एक अफगान नागरिक द्वारा दो नेशनल गार्ड्स पर गोली चलाने के बाद जारी कड़ी इमिग्रेशन कार्रवाई के बीच आया है। एक नीतिगत परिपत्र में मंगलवार को अमेरिकी सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशनसर्विसेज (यूएससीआइएस) को निर्देश दिया गया कि वह पूरी तरह समीक्षा होने तक शरण मांगने के सभी आवेदनों को तुरंत रोक ले, चाहे आवेदनकर्ता किसी भी देश का हो।
इस निर्देश ने उन 19 देशों के लोगों पर ग्रीन कार्ड, अमेरिकी नागरिकता के अनुरोध और अन्य आवेदनों पर भी रोक लगा दी है, जिन पर ट्रंप प्रशासन ने इस वर्ष जून में ट्रैवल बैन लगाया था और जिन्हें व्हाइट हाउस ‘चिंता वाले देश’ मानता है।
ये देश हैं- अफगानिस्तान, म्यांमार, बुरुंडी, चाड, कांगो गणराज्य, क्यूबा, इक्वाटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लाओस, लीबिया, सिएरालियोन, सोमालिया, सूडान, टोगो, तुर्कमेनिस्तान, वेनेजुएला और यमन।















