
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सराफा व्यापारी से लूटपाट की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने शहर सहित आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना सीपत थाना क्षेत्र के खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई, जहां दुकान बंद करते समय बाइक से आए तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी से भरे झोले छीन लिए और फरार हो गए। लूटे गए माल की कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी रोज की तरह रात में अपनी दुकान बंद कर रहा था।
वह शटर गिराने की प्रक्रिया में ही था कि इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम दिया। व्यापारी के पास रखे तीन झोलों को झपट्टा मारकर छीना और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि झोलों में सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आरोपी करीब 60 ग्राम सोना और 8 किलो से अधिक चांदी लेकर भागे हैं। घटना के तुरंत बाद व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और व्यापारियों में भय का वातावरण बन गया है।

























