
श्रीनगर, १४ अगस्त ।
सेना के जवानों ने अपने आतंकरोधी अभियान को जारी रखते हुए स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को कुपवाड़ा में गुलाम जम्मू-कश्मीर से आई हथियार और 16 पैकेट ब्राउन शुगर की एक खेप बरामद की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को अपने तंत्र से पता चला था कि जिला कुपवाड़ा में एलओसी के साथ सटी आवूरा घाटी के जंगल में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं और आतंकियों के लिए हथियारों की एक खेप पहुंचने की सूचना है। इसके आधार पर पुलिस ने सेना को सूचित किया और उसके बाद संबंधित इलाके में एक तलाशी अभियान चलाया गया। लगभग छह घंटे की कड़ी मेहनत के बाद जवानों ने एक जगह बने आतंकी ठिकाने का पता लगाया।
जवानों ने आतंकी ठिकाने से नौ कारतूस व दो मैगजीन समेत एक नौ एमएम की पिस्तौल, एके 47 राइफल की तीन मैगजीन, 260 कारतूस, चार यूबीजीएल ग्रेनेड, एक आइईडी, पांच मीटर माइन वायर, तीन हैंड ग्रेनेड (पाकिस्तान निर्मित), एक पि_ू बैग और उर्दू में पाकिस्तानी पता लिखा एक हैंडबैग, दो डेटोनेटर, तार के साथ 30 माइन फ्यूज, एक इलेक्ट्रिक मशीन (अज्ञात उपकरण), दो बैटरी कनेक्टर व 16 पैकेट ब्राउन शुगर बरामद किए। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि सामान को कब्जे में लेने के बाद जवानों ने आतंकी ठिकाने का नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि यह सामान कुछ ही दिन पहले एलओसी पार से इस तरफ तस्करी के जरिए लाए जाने की संभावना है और इसे वादी के भीतरी इलाकों में पहुंचाया जाना था। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
































