प्रयागराज में शादी से लौट रहे बाइक सवारों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत, दो घायल

नवाबगंज, (प्रयागराज)। हंडिया-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के शहाबपुर गांव के पास देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे।

बताया जाता है कि थाना नवाबगंज के ताजिया गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद चार युवक एक ही बाइक से वापस घर जा रहे थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे नवाबगंज से सोरांव जाने वाले बाईपास पर शहाबपुर गांव के पास किसी अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंकज पटेल (18) पुत्र चंद्रभूषण पटेल निवासी तकिया गारापुर थाना थरवई और ज्ञान चंद्र पटेल (26) निवासी कादीपुर सुपराबारी थाना थरवई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज सहित एक अन्य युवक घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़िहार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें स्वरूप रानी अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और ट्रक की तलाश की जा रही है।

RO No. 13467/11