
रामानुजगंज। क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री, क्षेत्रीय विधायक राम विचार नेताम का जन्मदिवस उनके गृह ग्राम सनावल स्थित सूर्य प्रकाश मेमोरियल पब्लिक स्कूल परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास, आत्मीयता और अपनत्व के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की स्नेहिल उपस्थिति रही, जिससे आयोजन विशेष बन गया। जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शुभचिंतक बधाई देने पहुंचे। उपस्थितजनों ने मंत्री नेताम को शुभाशीष प्रदान करते हुए उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर रामनामी समुदाय के पूज्य संतों का आशीर्वाद भी उन्हें प्राप्त हुआ। इसे अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि जनता के प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद की बदौलत ही वे आज इस मुकाम पर हैं। उन्होंने कहा कि उनका हर एक पल क्षेत्र और प्रदेश की सेवा के लिए समर्पित है। मंत्री राम विचार नेताम ने छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ आगे बढऩे की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए सभी आगंतुकों, समर्थकों और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार स्नेह और मार्गदर्शन बनाए रखने की अपील की।











