BJP के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कमलनाथ पर कसा तंज, कहा – जज छुट्टी पर नहीं रहते तो जेल में होते

भोपाल। भाजपा के प्रचार के लिए भोपाल आए पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि 1984 के सिख दंगों में कमलनाथ का बड़ा हाथ था। छिंदवाड़ा के अन्य लोगों ने भी उनका साथ दिया था। कमल नाथ अपनी ताकत के कारण इस केस में बच गए थे। कारण, उन्हें इंदिरा गांधी का तीसरा बेटा बोला जाता था। जज इस बार छुट्टी पर थे, नहीं तो कमल नाथ जेल में होते। पत्रकारों ने सिरसा से पूछा, कमल नाथ के भाजपा में जाने की चर्चा थी, यह सही है क्या? इस पर सिरसा ने कहा कि भाजपा ने सिखों के साथ खड़े होकर 1984 की लड़ाई लड़ी है। जब सज्जन कुमार को जेल हुई थी तो मोदी ने एक पीड़ित की मां को संसद में बुलाकर कहा था कि मैं आपको न्याय दिलाऊंगा। ऐसे में कमल नाथ जैसे लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि, मोदी जी कहते हैं कि यह देश गुरुओं का है। औरंगजेब की बात नहीं होगी। मोदी जी, राष्ट्र पहले की बात करते हैं तो कांग्रेस राम का नाम भी अपने लाभ के लिए लेती है। उन्होंने तय किया है देश में बाबर का नहीं गुरुओं का इतिहास पढ़ाया जाएगा। कांग्रेस पहले मंदिरों से टैक्स लेकर वर्ग विशेष को दे चुकी है, अब विरासत टैक्स की बात कह रही है। सिरसा ने कहा, सिख समाज के सौ प्रतिशत मत भाजपा को मिले इसके लिए वह भोपाल आए हैं। वह ईदगाह हिल्स स्थित गुरुद्वारे में पहुंचे। इसके बाद यहां सिख परिवार में गए। गोविंदपुरा, नरेला और दक्षिण पश्चिम विधानसभा में भी उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के पक्ष में प्रचार किया।

RO No. 13467/9