
रांची। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने हजारीबाग लोकसभा सीट से मनीष जायसवाल को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद चुनाव प्रचार में भाग नहीं लिया। सोमवार को हुए मतदान में अपने मत का प्रयोग भी नहीं किया। पार्टी ने सिन्हा से दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत झारखंड की हजारीबाग लोकसभा से मौजूदा सांसद हैं। जयंत सिन्हा को भाजपा के राज्य महासचिव आदित्य साहू ने नोटिस भेजा है। उन्होंने नोटिस में कहा, ‘जब से पार्टी ने मनीष जयसवाल को हजारीबाग लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है, तब से आप संगठनात्मक कार्यों और चुनाव प्रचार में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। आपने अपने मताधिकार का प्रयोग करना भी उचित नहीं समझा। आपके कारण पार्टी की छवि खराब हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के निर्देश के बाद पार्टी ने जयंत से स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर साहू ने कहा कि यह सिन्हा की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा। वहीं, इस संबंध में सिन्हा ने कॉल का जवाब नहीं दिया।































