केरल स्टोरी 2′ फिल्म को लेकर भाजपा ने सीएम विजयन पर बोला हमला, दोहरी नीति का लगाया आरोप

नई दिल्ली। ‘केरल स्टोरी 2’ फिल्म को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार को केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन पर हमला बोला। उन्होंने विजयन पर ”दोहरी नीति” और ”स्वतंत्रता के अधिकार का चयनात्मक व्याख्या करने का आरोप लगाया। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने ‘द केरल स्टोरी 2’ को ”नफरत फैलाने वाली फिल्म” करार दिया है।

गौरतलब है कि कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित ‘केरल स्टोरी 2: गोज बियान्ड’ का टीजर हाल ही में जारी किया गया। इस सीरिज की पहली फिल्म, ‘द केरल स्टोरी’, ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ छायांकन के पुरस्कार जीते थे। केरल के मलप्पुरम में 2023 में आयोजित फलस्तीन समर्थक कार्यक्रम में हमास के एक सरगना की ऑनलाइन भागीदारी का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने राष्ट्रीय राजधानी में कहा, जब हमास हमारे युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की कोशिश करता है तो मुख्यमंत्री इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बताते हैं, लेकिन अगर कोई ‘लव जिहाद’ पर फिल्म बनाता है, तो यह स्वतंत्रता और अनुच्छेद 19 कहां है? यह उनकी दोहरी नीति को दर्शाता है। यह सब उनकी चयनात्मक व्याख्या है।

आगे कहा कि अगर सीएम को फिल्म पसंद नहीं है, तो न देखें। जो लोग इसे देखना चाहते हैं, उन्हें देखने दें। अगर हमास को स्वतंत्रता का अधिकार है, तो ‘केरल स्टोरी’ फिल्म के निर्माताओं को भी है। भाजपा ऐसी दोहरी नीति को स्वीकार नहीं करेगी।

RO No. 13467/11