
रायपुर 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ में शराब को लेकर एक बार फिर सियासत तेज है। होली के दिन शराब की दुकानें खुलने के फैसले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला हमला है। इस पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर ही सवाल उठाया है. कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा होली महत्वपूर्ण त्योहार है. सबसे ज्यादा आपराधिक घटनाएं होली के समय होती है। लेकिन इस बार होली के दिन भी शराब दुकान खुली रहेगी। कैसा माहौल रहेगा समझा जा सकता है, लेकिन भाजपा को शराब से पैसा कमाना है। भाजपा सरकार प्रदेश को नशे में झोंकने का काम कर रही है। वहीं प्रदेश की नई आबकारी नीति में 7 दिन की जगह 3 दिन ड्राई डे रखे जाने का मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बचाव करते हुए कहा कि यह सभी निर्णय समय के अनुसार लिए जाते है। हम सब का एक ही भाव है कि सभी नशे से दूर रहें. गुरु घासीदास बाबा ने कहा है कि खानी, बानी और सयानी। जैसा खाएंगे वैसा रहेगा मन, जैसा पियेंगे पानी, वैसे रहेगी वाणी। नशे के खिलाफ सरकार जनजागरुकता अभियान चला रही है।














