
बलरामपुर। प्रतापपुर विधानसभा की भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के देवर विजय बहादुर सिंह की आज सुबह एक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और विधायक परिवार समेत समर्थकों व ग्रामीणों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, विजय बहादुर सिंह रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने खेतों की ओर ट्रैक्टर चलाकर निकले थे। वे स्वयं खेती-किसानी से जुड़े कार्यों के लिए ट्रैक्टर चला रहे थे, जब रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्भाग्यवश, वे ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। तुरंत रघुनाथनगर पुलिस को सूचित किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई गई। विजय बहादुर सिंह केवल विधायक के पारिवारिक सदस्य ही नहीं, बल्कि समाज में सक्रिय और सम्मानित व्यक्ति थे। उनकी सरलता और मिलनसार स्वभाव के चलते क्षेत्र में वे अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में भी गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे उनके गृह ग्राम मुडिय़ा में किया जाएगा। अंतिम दर्शन हेतु क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। रघुनाथनगर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक दुर्घटनात्मक मामला है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




























