
प्रगतिनगर से खदान तक लगा जाम
कोरबा। जिले के कोयलांचल गेवरा दीपका में गाडिय़ों का जाम लगने से लोग परेशान है। आवागमन में भी समस्या उत्पन्न हो गई। दावा किया जा रहा है कि नो एंट्री के बावजूद नजराना लेकर गाडिय़ों को छूट दी जा रही है । इसके कारण जाम लग रहा है।। भारतीय मजदूर संघ की कोयला इकाई ने इस मामले को लेकर आज प्रदर्शन किया और संबंधित अफसर पर निशाना साधा।
कोलफील्ड गेवरा दीपका में भारी वाहनों के लिए रात्रि 10 से सुबह 6:00 बजे तक नो एंट्री लगाई गई है और इसका पालन करना है। अर्थात इस समय अवधि में भारी वाहनों का प्रवेश करना वर्जित है। कागज में नियम बना देने के बाद निगरानी करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है। नतीजा यह है कि नो एंट्री के बावजूद भारी वाहनों को आगे बढ़ाने का भरपूर मौका दिया जा रहा है। पिछले कुछ दिन से इस प्रकार की गतिविधियां यहां पर चल रही हैं।
इसके परिणामस्वरूप इस इलाके में चौतरफा जाम के नजारे निर्मित हो गए। प्रगति नगर से लेकर खदान जाने वाले रास्ते तक जाम के साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के कर्मचारियों के अलावा आम लोग परेशान हुए। आज सुबह इस नजारे को देखने के बाद भारतीय मजदूर संघ की स्थानीय यूनिट ने विरोध दर्ज कराया और मौके पर चक्का जाम कर दिया।
उनका आरोप है कि सुरक्षा एजेंसी के अलावा अन्य लोग इस मामले में रुपया लेकर नो एंट्री में भी गाडिय़ों को प्रवेश कर रहे हैं जिसके कारण हालात बिगड़े हुए हैं। मामले की जानकारी होने पर प्रबंधन के अधिकारी यहां पहुंचे। जब उनसे इसी सवाल को दोहराया गया तो उन्होंने आरोप को स्वीकार करने से इंकार किया।