
कुल्लू, 01 मार्च ।
हिमाचल के कुल्लू जिले में शनिवार देर रात पुलिस थाना पतलीकुहल के अंतर्गत मुकाम जाणा में एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गाड़ी नंबर एचपी-34ई-1427 बोलेरो कैंपर रात के समय अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शव की पहचान 20 वर्षीय अविनाश पुत्र भगवान दास निवासी गांव सोर, डाकघर कराडसू, तहसील बंजार, जिला कुल्लू तथा 23 वर्षीय सोनम कुमार पुत्र भूमि प्रकाश निवासी गांव सोर, डाकघर कराडसू, तहसील बंजार, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में परिचित बताए जा रहे हैं। अचानक हुए इस हादसे से सोर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा देर रात हुआ, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है। पुलिस थाना पतलीकुहल ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार या वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सडक़ों पर सावधानी और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।






















