
सीएमओ ने एसईसीएल को पत्र भेजकर किया सतर्क
कोरबा। पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती । गर्मी शुरू होने के साथ कोरबा जिले के बहुत सारे क्षेत्र में समस्याओं की आहट शुरू हो गई है । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड गेवरा और दीपिका क्षेत्र की कॉलोनी को लेकर खबर है कि वहां तीन से चार दिन के अंतर में नलों से पानी आ रहा है। नगर पालिका की व्यवस्था से कॉलोनी की पानी संबंधी जरूरत पूरी हो रही है। नगर पालिका के अधिकारी ने प्रबंधन को सतर्क किया है कि गर्मी के तेवर बढऩे से पहले जरूरी प्रबंध किया जाए।
नगर पालिका परिषद दीपिका में 30 वार्ड शामिल है । इनमें से 12 वार्ड साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के गेवरा और दीपिका क्षेत्र में आते हैं। स्वाभाविक रूप से इन वार्डो में रहने वाली आबादी का वास्ता कोयला कंपनी से है। इनकी संख्या हजारों में बताई गई है। इस मामले में सुविधाओं का जिम्मा किसका है। नगर पालिका का कहना है कि एसईसीएल व्यवस्थाएं और प्रबंधन का कहना है कि अगर हम लोग टैक्स देते हैं तो सुविधा का दायित्व हमारा क्यों। इन सब के बीच गर्मी का सीजन शुरू होने के साथ ही एसईसीएल की इन कॉलोनीयों में पानी का संकट कर्मचारी और उनके परिवारों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। अभी से ही पानी की आपूर्ति ठीक तरह से नहीं होने के कारण मुश्किल बनी हुई है। इधर मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश गुप्ता के द्वारा एक जैसी विषय वस्तु के साथ एसईसीएल के गेवरा और दीपिका सीजीएम को पत्र भेजकर पानी की आपूर्ति संबंधी व्यवस्था ठीक करने को कहा है। इन पत्रों में कहा गया कि गर्मी में आपकी कॉलोनी में पानी का संकट पैदा होता है। वाटर लेवल नीचे जाने के कारण इस तरह की स्थिति होती है लोग परेशान होते हैं। पार्षदों की ओर से हमारे पास सूचना पहुंचती है। इसलिए अभी से ही आप अपनी कॉलोनी में पेयजल उपलब्धता से संबंधित व्यवस्थाओं को ठीक-ठाक करें। कलेक्टर ,एसडीएम कटघोरा और नगर पालिका अध्यक्ष को इस विषय से अवगत करा दिया गया है।
समस्याएं पता करेंगे
दीपिका क्षेत्र में स्थित एसईसीएल की कॉलोनी जो विभिन्न वार्ड में शामिल है , वहां पर अब तक की स्थिति में जल आपूर्ति सामान्य है। इस मामले में किसी भी स्तर से हमारे पास शिकायत नहीं है। नगर पालिका के पत्र के आधार पर समस्याएं पता करेंगे।
संजय मिश्रा, सीजीएम दीपका क्षेत्र
सुविधा देना नगर पालिका का काम
एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के अंतर्गत विविध कॉलोनि में फिलहाल पानी की आपूर्ति सामान्य है। जो व्यवस्थाएं की गई है उसके जरिए काम चल रहा है। नगर पालिका को टैक्स का भुगतान प्रबंधन करता है इसलिए स्वाभाविक रूप से बुनियादी सुविधा देना उसकी जिम्मेदारी है।
एके त्यागी, सीजीएम गेवरा क्षेत्र


















