सप्तदेव मंदिर में हिंदू संगठनों की बैठक में कई चुनौतियों पर मंथन

कोरबा। सीतामढ़ी रोड स्थित सप्तदेव मंदिर में हिंदू संगठनों की बैठक आयोजित की गई। हिंदू नव वर्ष पर आयोजन और समाज से जुड़ी कई चुनौतियों के बारे में यहां चर्चा हुई। इस बात पर जोर दिया गया कि संगठन की शक्ति से ही समस्याओं से निपटना संभव होगा।
सप्तदेव मंदिर के सभागार में यह बैठक रखी गई, जिसमें कोरबा शहर और उपनगर क्षेत्र में काम करने वाले सामाजिक धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उनके द्वारा यहां हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विषयों पर विचार मंथन किया गया। कई प्रकार के सुझाव प्रतिनिधियों ने दिए, जिन्हें कार्यवाही में शामिल किया गया। नारायणी सेना के प्रमुख अरविंद अग्रवाल ने बताया कि हिंदू नव वर्ष पर सभी लोग अपनी बेहतर भूमिका कैसे निभाएं, इसका विचार किया गया है। विभिन्न मसलों पर लोगों को कहा गया कि उन्हें अपना दायित्व तय करना होगा। सत्यदेव मंदिर के न्यासी अशोक मोदी ने कहा कि समरसता और एकता आज की बड़ी जरूरत है। विविध संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इन विषयों पर गंभीरता से बात हुई है। आगे इसके हिसाब से काम करने का निर्णय लिया गया। बैठक के समापन से पहले सभी ने संगठन हित को बढ़ावा देने का संकल्प लिया और यह भी सुनिश्चित किया गया कोरबा जिले से संबंधित सामाजिक और धार्मिक मसलों के समाधान के लिए वह हमेशा तैयार रहेंगे।

RO No. 13467/10