
कोरबा । कोरबा अंचल में बाँयी नहर का तटबंध टूट जाने से आसपास के कॉलोनी में पानी घुसने लगा है। सुबह जब लोगों की नजर इस पर पड़ी तब लोगों में अफरा-तफरी मच गई है। इसकी सूचना तत्काल जल संसाधन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग के दो कर्मचारी मौके पर पहुंचे है। जल्द ही नहर के टूटे हिस्से को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया जाएगा। जानकारी के अनुसार साई कृष्ण पैलेस और एस.एस. ग्रीन कॉलोनी के पीछे नहर का तटबंध टूट जाने से लोगों में चिंता व्याप्त है। लोगों ने बताया कि शहर को दो हिस्से में बांटने वाली बाँयी नहर आसपास के जिलों के किसानों के लिए वरदान साबित होती है, लेकिन फिलहाल कोरबा शहर के लिए अभिशाप बन गई है। नहर के कई हिस्से जर्जर हो चुके हैं, जिसका समय-समय पर मरम्मत नहीं होने से वर्तमान में स्थिति बेहाल है। समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। उल्लेखनीय हैं की अंचल में घटित यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी सीतामढ़ी क्षेत्र में नहर का एक बड़ा हिस्सा के मध्य तटबंध टूट गया था। इसके बाद पानी आसपास के घरों में घुस गया था। इस घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गया था।